Friday, October 2, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याकांग्रेस मनाएगी लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, निकलेगा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च

कांग्रेस मनाएगी लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, निकलेगा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च


◆ इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ होंगी बैठकें, अनुच्छेद 326 का किया जाएगा सार्वजनिक वाचन


अयोध्या। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर अयोध्या जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाएगी। अभियान के तहत इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ संयुक्त बैठक, प्रेस वार्ता, ब्लॉक और वार्ड स्तर पर तैयारी बैठकें तथा जिला स्तरीय ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कमला नेहरू भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ जिला स्तर पर संयुक्त बैठक और प्रेस वार्ता होगी। इसके बाद ब्लॉक एवं वार्ड स्तर पर बैठकें कर जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तीसरे चरण में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। मार्च को डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा अथवा जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक ले जाने की योजना है। निर्धारित स्थल पर राष्ट्रगान के बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा। अनुच्छेद 326 वयस्क मताधिकार से संबंधित है।

चेतनारायण सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर जनता के बीच संवाद और जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ समन्वय कर निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि मार्च के माध्यम से मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं के महत्व को सामने रखा जाएगा। कम्युनिस्ट पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार तिवारी ने भी अभियान में सहयोगी दल के रूप में भागीदारी की बात कही।

पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक माधव प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह, रामदास वर्मा, जिला प्रवक्ता शीतला पाठक, उग्रसेन मिश्रा, महिला जिला अध्यक्ष रेनू राय, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, शैलेंद्र मणि पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments