Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर कांग्रेस ने जताया विरोध

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर कांग्रेस ने जताया विरोध

0

अयोध्या। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में हालिया वृद्धि को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया है। पार्टी नेताओं ने बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम वापस लेने की मांग की है।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह तथा जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, बिजली तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ने से मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों और गरीब परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। उनका कहना है कि आम लोगों की आय और रोजगार के अवसरों में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है, जबकि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।

नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने में सफल नहीं रही है। उन्होंने कहा कि जनता को राहत मिलने के बजाय आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनमानस परेशान है।

जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि महंगाई आज देश की प्रमुख समस्याओं में शामिल है और सरकार को जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए राहत प्रदान करनी चाहिए। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का सबसे अधिक असर महिलाओं और घरेलू बजट पर पड़ रहा है।

पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के दोहरे संकट से आम नागरिक जूझ रहा है, जबकि जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महंगाई के मुद्दे पर जनता की आवाज उठाती रहेगी।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version