आलापुर, अम्बेडकर नगर। रील बनाने के शौक ने एक अधेड़ की जिंदगी छीन ली। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के गंगासागर गांव के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय हित्तू गोंड की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि रील बना रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार जल्लापुर निवासी हित्तू गोंड पुत्र बांके गिरैया बाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान गंगासागर गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बेकाबू बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हित्तू गोंड गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार युवक अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था और दोनों हाथ छोड़कर मोबाइल से रील बना रहा था। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार युवक आदर्श (25) पुत्र सुशील कुमार निवासी इटौरा ढोलीपुर थाना राजेसुल्तानपुर भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हित्तू गोंड को आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं घायल युवक का इलाज अभी भी जारी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की बहू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव के घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, बहू, बेटों और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।