Tuesday, September 15, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याएक माह तक चलेगा अयोध्या में स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक उन्मूलन पर भी...

एक माह तक चलेगा अयोध्या में स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक उन्मूलन पर भी जोर


◆ 17 सितंबर से शुरू होगा ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’, पर्यटन स्थलों से लेकर जलस्रोतों तक चलेगा विशेष सफाई अभियान


अयोध्या। रामनगरी में स्वच्छता को लेकर एक माह तक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान संचालित किया जाएगा। मंगलवार को नगर निगम बोर्ड की विशेष बैठक में अभियान की विस्तृत कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की।

महापौर ने कहा कि अयोध्या को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए जनभागीदारी को और मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे ‘एक रविवार-हर परिवार, करें गंदगी पर वार’ जैसे अभियानों को व्यापक स्तर तक ले जाने की जरूरत है। साथ ही प्लास्टिक के कम से कम इस्तेमाल के लिए लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। इसके तहत नगर निगम के सभी वार्डों के अलावा सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों, मलिन बस्तियों तथा जलस्रोतों की विशेष सफाई कराई जाएगी।


लता चौक से होगा अभियान का शुभारंभ


‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को लता चौक से होगी। इस दिन सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। शाम को दीपदान कार्यक्रम भी आयोजित होगा। वहीं स्कूलों में युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए ‘स्वच्छता पाठशाला’ लगाई जाएगी। सफाई मित्रों के लिए सुरक्षा शिविर का भी आयोजन होगा।

17 से 22 सितंबर तक सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई होगी। 23 और 24 सितंबर को जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 25 और 26 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर मलिन बस्तियों में ‘क्लीन ग्रीन फेस्टिवल’ आयोजित किया जाएगा। इसी दौरान 157 घंटे का सतत महासफाई अभियान भी चलेगा।


प्लास्टिक के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान


27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विश्व पर्यटन दिवस पर 27 सितंबर को प्रमुख पर्यटन स्थलों की सफाई के लिए ‘क्लीन टूरिस्ट साइट’ अभियान होगा। 28 और 29 सितंबर को ‘स्वच्छता से समृद्धि’ अभियान के तहत अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी सामग्री तैयार करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

एक अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत सुबह सात से 10 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलेगा। दो अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस मनाया जाएगा। तीन से पांच अक्टूबर तक जलस्रोतों की सफाई, छह अक्टूबर को कार्यस्थलों की स्वच्छता और सात अक्टूबर को विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित होगा।

नौ और 10 अक्टूबर को ‘सोर्स एग्रीगेशन एवं होम कंपोस्टिंग’ अभियान के जरिए महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं 10 से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छ पर्व, हरित पर्व’ के तहत पौधरोपण और नवरात्रि से जुड़े स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक का संचालन अपर नगर आयुक्त भरत भार्गव ने किया। इस दौरान उपसभापति संतोष सिंह, नेता सदन बृजेंद्र सिंह, नेता विपक्ष विशाल पाल, सूर्यकुमार तिवारी, पूर्व उपसभापति जय नारायण सिंह रिंकू एवं राजेश गौड़ समेत विभिन्न पार्षदों ने अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा में हिस्सा लिया। बैठक में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, सुमित कुमार, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव समेत नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments