Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दीपोत्सव की तैयारियां परखने ग्राउंड जीरो पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी

दीपोत्सव की तैयारियां परखने ग्राउंड जीरो पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी

0

◆ रामकथा पार्क से राम की पैड़ी तक लिया व्यवस्थाओं का जायजा, सरयू आरती घाट और मंच निर्माण का किया निरीक्षण


◆ अधिकारियों से ली अब तक की प्रगति की जानकारी, तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश


अयोध्या । दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या पहुंचे। रामकथा पार्क के समीप बने हेलीपैड पर उनका हेलीकॉप्टर उतरा। यहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री रामकथा पार्क पहुंचे और दीपोत्सव से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने रामकथा पार्क में दीपोत्सव के लिए चल रहे निर्माण और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अब तक पूरे हो चुके कार्यों और शेष तैयारियों की स्थिति जानी। अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन से जुड़े सभी काम समय से पूरे किए जाएं, जिससे दीपोत्सव के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।

रामकथा पार्क के बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने सरयू आरती घाट का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद राम की पैड़ी पर तैयार किए जा रहे मंच का जायजा लिया और निर्माण कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं।

मुख्यमंत्री ने घाटों, मार्गों और आयोजन स्थलों पर आवागमन, दर्शन और अन्य सुविधाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर तैयारियों की लगातार निगरानी करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री दर्शन-पूजन के लिए रवाना हो गए।

इस दौरान कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री तथा अयोध्या जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान और अभय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version