जलालपुर, अंबेडकर नगर। समूह बनाकर महिलाओं को 20-20 हजार रुपये दिलाने का झांसा देने और बीमा के नाम पर रकम काटने के बाद किस्त वसूली के विवाद में घर का ताला तोड़कर सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद जलालपुर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जलालपुर थाना क्षेत्र के फत्तेपुर मोहितपुर निवासी दिलशेद के मुताबिक, अप्रैल 2023 में मालीपुर थाना क्षेत्र के कांदीपुर निवासी रामबहादुर उपाध्याय ने गांव की पांच महिलाओं का समूह बनाकर प्रत्येक को 20 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि महिलाओं को 20 हजार के बजाय 17-17 हजार रुपये दिए गए और तीन हजार रुपये बीमा के नाम पर काट लिए गए। साथ ही 40 सप्ताह तक प्रत्येक महिला से 750 रुपये साप्ताहिक किस्त जमा कराने की बात कही गई। महिलाओं ने 24 सप्ताह तक किस्तें जमा कीं, लेकिन बीमा संबंधी कागजात नहीं दिए गए। इस पर उन्होंने किस्त जमा करना बंद कर दिया।
आरोप है कि आठ नवंबर 2024 को दिलशेद अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह में गया था। इसी दौरान मंशाराम और राजकुमार ने घर का ताला तोड़कर फ्रिज, दो कूलर, वाशिंग मशीन, सिलाई मशीन, पंखा, तीन प्रेस और दो कुकर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। वापस लौटने पर सामान गायब मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। आरोप है कि पुलिस के हस्तक्षेप पर समूह की रकम जमा करने के बाद सामान लौटाने का समझौता हुआ, लेकिन रकम जमा करने के बावजूद सामान वापस नहीं किया गया। पीड़ित ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने रामबहादुर उपाध्याय, उनके पुत्र राजकुमार और मंशाराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल अजय प्रताप ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।