अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य को लेकर गुरुवार को प्रशासन ने ककरही बाजार क्षेत्र में बुलडोजर कार्रवाई की। इस दौरान परिक्रमा मार्ग की जद में आने वाले कई मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मार्ग के किनारे स्थित एक प्राचीन भगवान शिव मंदिर भी हटाया गया, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा।
एडीएम राजस्व अमित भट्ट के अनुसार चौड़ीकरण कार्य के लिए प्रभावित लोगों को पूर्व में मुआवजा प्रदान किया जा चुका था। साथ ही मकान मालिकों को कई बार नोटिस जारी कर निर्माण हटाने और भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी।
कार्रवाई के दौरान एडीएम राजस्व अमित भट्ट, एसडीएम सदर अरविंद कुमार और सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
एक प्रभावित मकान मालिक ने आरोप लगाया कि पहले परिक्रमा मार्ग का प्रस्तावित रूट दूसरी दिशा से निर्धारित किया गया था, लेकिन बाद में उसे बदल दिया गया। हालांकि प्रशासन ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों की मांग और परंपरागत मार्ग के अनुरूप मूल 14 कोसी परिक्रमा पथ का चौड़ीकरण कराया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि चौड़ीकरण कार्य पूर्ण होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी तथा परिक्रमा मार्ग की सुविधाओं में भी व्यापक सुधार होगा।