अयोध्या। स्वर्गीय रत्ना आहूजा की प्रथम पुण्यतिथि पर शनिवार को जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उनके पुत्र विकास आहूजा की ओर से किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर में कुल 12 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 8 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में दीपक आहूजा, अचिन कुमार, अजय सिंह, राहुल जायसवाल, संजय मलकानी, श्याम मंदानी, अल्तमस अली एवं रेहान अहमद शामिल रहे। रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने के उद्देश्य से अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर विकास आहूजा ने कहा कि उनकी माता स्वर्गीय रत्ना आहूजा समाज सेवा और मानव कल्याण के कार्यों के प्रति सदैव समर्पित रहती थीं। उनकी स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर लोगों की सहायता करने और समाज में जागरूकता फैलाने का एक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की। शिविर का समापन रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।