अयोध्या। थाना तारुन क्षेत्र अंतर्गत तिवारी का पूरा सोनौरा गांव में बीते दिनों अज्ञात बाइक सवारों द्वारा शिवकुमार वर्मा पर किए गए प्राणघातक हमले के मामले को लेकर भाजपा के नेता सर्वेश वर्मा ने पीड़ित से मुलाकात की। दर्शन नगर स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचकर उन्होंने पीड़ित शिवकुमार वर्मा तथा उनके परिजनों से भेंट कर हाल-चाल जाना और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान सर्वेश वर्मा ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की आपराधिक घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और इन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिवकुमार वर्मा के साथ जिस निर्ममता से हमला किया गया, वह बेहद निंदनीय है। हमले में पीड़ित के दोनों हाथ और पैर तोड़ दिए गए, वहीं सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उसकी हालत अत्यंत चिंताजनक रही।
सर्वेश वर्मा ने बताया कि घटना के दिन ही उन्होंने थाना तारुन पुलिस को मामले से अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की थी तथा प्रशासन को इस तरह की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाने की चेतावनी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा एक नामजद सहित अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जो कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
भाजपा नेता ने मांग की कि इस घटना में शामिल सभी अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और उन्हें कठोर सजा दिलाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो प्रशासन के विरुद्ध आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज की सुरक्षा सर्वोपरि है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई ही ऐसे मामलों पर अंकुश लगा सकती है।