Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या 2027 में योगी के नेतृत्व में फिर बनेगी भाजपा सरकार: ऋषिकेश उपाध्याय

2027 में योगी के नेतृत्व में फिर बनेगी भाजपा सरकार: ऋषिकेश उपाध्याय

0

◆ राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना, भाजपा की प्रचंड जीत का किया दावा


अयोध्या। भाजपा के पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने अयोध्या के जनप्रतिनिधि की भी बड़े मतों के अंतर से जीत का दावा किया।

समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए उपाध्याय ने कहा कि पिछले दो चुनावों में पार्टी को एक बार 50 हजार और दूसरी बार 20 हजार मतों से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि दिन में सपने देखने पर कोई रोक नहीं है, लेकिन यदि योगी आदित्यनाथ अयोध्या से चुनाव लड़ते हैं तो सपा के सामने अपनी जमानत बचाने की चुनौती होगी।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की हार का सिलसिला वर्ष 2014 से जारी है। वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव तथा 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में भी भाजपा के सामने विपक्ष को हार का सामना करना पड़ेगा।


राहुल गांधी पर भी किया प्रहार


सुप्रीम कोर्ट तक पैदल मार्च निकालने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उपाध्याय ने कहा कि उन्हें न तो लोकतंत्र में आस्था है और न ही भारतीय संविधान में। कहा कि उनके विषय में कुछ कहना भी उचित नहीं है, क्योंकि पता नहीं वह कब ऐसी ओछी हरकत कर दें, जिससे भारत को शर्मसार होना पड़े।


मोदी सरकार की उपलब्धियों की सराहना


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए पूर्व महापौर ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले और आज के भारत की स्थिति में काफी अंतर है। उन्होंने कहा कि देश को लंबे समय बाद ऐसा नेतृत्व मिला है, जो राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित है। उपाध्याय ने दावा किया कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ है और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) चौथी बार भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version