◆ राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना, भाजपा की प्रचंड जीत का किया दावा
अयोध्या। भाजपा के पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने अयोध्या के जनप्रतिनिधि की भी बड़े मतों के अंतर से जीत का दावा किया।
समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए उपाध्याय ने कहा कि पिछले दो चुनावों में पार्टी को एक बार 50 हजार और दूसरी बार 20 हजार मतों से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि दिन में सपने देखने पर कोई रोक नहीं है, लेकिन यदि योगी आदित्यनाथ अयोध्या से चुनाव लड़ते हैं तो सपा के सामने अपनी जमानत बचाने की चुनौती होगी।


