Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या नवरात्र में महंगा हुआ फलाहार, व्रत की थाली पर महंगाई का असर

नवरात्र में महंगा हुआ फलाहार, व्रत की थाली पर महंगाई का असर

0

अयोध्या । शारदीय नवरात्र में व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को इस बार फलाहार तैयार करने के लिए अधिक खर्च करना पड़ रहा है। व्रत में इस्तेमाल होने वाली कई खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से रसोई का बजट प्रभावित हुआ है। चीनी से लेकर कुट्टू, सिंघाड़े के आटे, साबूदाना और मूंगफली तक की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दुकानदारों के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार कई वस्तुएं महंगी बिक रही हैं, जिससे व्रत के पकवान तैयार करना भी महंगा हो गया है।

चीनी की कीमत में हुई वृद्धि का असर खास तौर पर मीठे पकवानों पर पड़ रहा है। पिछले साल नवरात्र के दौरान 42 से 45 रुपये किलो मिलने वाली चीनी अब 60 रुपये किलो तक बिक रही है। वहीं पैकेट में मिलने वाली कराई लइया की कीमत भी 120 रुपये से बढ़कर 140 रुपये किलो हो गई है। नवरात्र में फलाहार और मीठे व्यंजनों की मांग बढ़ने के साथ लोगों को खरीदारी पर पहले से ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ रही है।


कुट्टू और सिंघाड़े का आटा भी महंगा


फतेहगंज के किराना दुकानदार शशांक के अनुसार, व्रत में इस्तेमाल होने वाली कई प्रमुख वस्तुओं के दाम बढ़े हैं। पिछले साल 125 रुपये किलो बिकने वाली मूंगफली अब 160 रुपये किलो मिल रही है। तिल्ली के तेल की कीमत 130 रुपये से बढ़कर 160 रुपये लीटर हो गई है। इसी तरह कुट्टू का आटा 190 से बढ़कर 200 रुपये और सिंघाड़े का आटा 220 से बढ़कर 240 रुपये किलो बिक रहा है।

साबूदाने की कीमत भी 60 रुपये से बढ़कर 80 रुपये किलो हो गई है। मूंगफली का तेल 200 रुपये से बढ़कर 210 रुपये लीटर पहुंच गया है। नारियल के दाम में भी इजाफा हुआ है। पिछले साल 30 से 40 रुपये में मिलने वाला नारियल अब 50 से 60 रुपये में बिक रहा है।


बढ़ते खर्च से बिगड़ा बजट


व्रत के दौरान इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की कीमतों में एक साथ बढ़ोतरी होने से श्रद्धालुओं का बजट प्रभावित हो रहा है। फलाहार, मीठे पकवान और पूजा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों को अधिक खर्च करना पड़ रहा है। ऐसे में नवरात्र के दौरान आस्था के साथ व्रत रखने वाले परिवारों को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।


व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के दाम


सामग्री पिछले साल इस साल
चीनी (प्रति किलो) 42–45 रुपये 60 रुपये
कुट्टू का आटा (प्रति किलो) 190 रुपये 200 रुपये
सिंघाड़े का आटा (प्रति किलो) 220 रुपये 240 रुपये
मूंगफली का तेल (प्रति लीटर) 200 रुपये 210 रुपये
तिल्ली का तेल (प्रति लीटर) 130 रुपये 160 रुपये
मूंगफली (प्रति किलो) 125 रुपये 160 रुपये
साबूदाना (प्रति किलो) 60 रुपये 80 रुपये
कराई लइया (प्रति किलो) 120 रुपये 140 रुपये
नारियल (प्रति पीस) 30–40 रुपये 50–60 रुपये

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version