◆ यश पैका के केमिकल प्लांट में 25 वर्षीय आशीष शिवहरे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने कंपनी कर्मचारी पर जताया हत्या का शक
अयोध्या। यश पैका लिमिटेड के केमिकल प्लांट में शनिवार देर रात 25 वर्षीय केमिकल इंजीनियर आशीष शिवहरे का शव ट्रीटमेंट प्लांट के पानी के टैंक में मिलने से हड़कंप मच गया। शव अर्धनग्न अवस्था में पानी में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
आशीष मूल रूप से बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के लोक गांव के रहने वाले थे और करीब तीन साल से अयोध्या की यश पैका में केमिकल इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। वह अयोध्या में अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार बांदा में रहता है।
मां से फोन पर बताई थी परेशानी
मृतक की मां गंगा शिवहरे ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच आशीष का फोन आया था। उसने मैनेजर अभिषेक सिंह द्वारा परेशान किए जाने की बात कही और मां से मैनेजर से बात करने को कहा। परिजनों के अनुसार आशीष ने यह भी बताया था कि उसके लैपटॉप से उसका इस्तीफा टाइप कर कंपनी को भेज दिया गया है। ईमेल आने के बाद उसे इसकी जानकारी हुई थी।
मां के मुताबिक उन्होंने अभिषेक सिंह को फोन कर आशीष के बारे में पूछा। मैनेजर ने बताया कि आशीष उससे पैसे मांग रहा था और कथित तौर पर आत्महत्या की धमकी दे रहा था। मां ने कहा कि उन्हें किसी पैसे की जरूरत नहीं है, उनका बेटा सुरक्षित होना चाहिए।
परिजनों का आरोप है कि आशीष ने अभिषेक सिंह को करीब तीन लाख रुपये दिए थे और वह अपने रुपये वापस मांग रहा था। परिवार के मुताबिक आशीष नौकरी छोड़कर घर लौटना चाहता था, लेकिन उसे छुट्टी नहीं मिल रही थी।
घटनास्थल पर सीसीटीवी नहीं होने पर उठाए सवाल
आशीष के चाचा सुनील और राकेश शिवहरे ने आरोप लगाया कि उसके शरीर पर चोट के निशान थे। उन्होंने घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने पर भी सवाल उठाए। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना की वास्तविकता सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि रात करीब दो बजे पुलिस को टैंक में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त हो गई है और उसके आधार पर अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिटी के अनुसार परिजनों की ओर से जताई गई शंकाओं को भी जांच में शामिल किया गया है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अभियोग में आरोपियों की भूमिका साक्ष्यों से सामने आने के बाद उसी आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।