अयोध्या। कैंट थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 670 रुपये, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त टाटा टिगॉर कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन अम्बेडकरनगर जिले के भीटी थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार सहादतगंज निवासी पीड़ित ने कैंट थाने में तहरीर देकर बताया था कि कार सवार चार अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। तहरीर के आधार पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अब्बू सराय सर्विस लेन रेलवे क्रॉसिंग की ओर खाली प्लॉट के पास घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सिंह (24), राजन सिंह (30), कमलदीप तिवारी (26) और हर्ष पांडेय (21) के रूप में हुई है। सभी आरोपी अम्बेडकरनगर जिले के भीटी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
अमन और राजन पर पहले से मुकदमे
पुलिस के अनुसार अमन सिंह के खिलाफ अम्बेडकरनगर के भीटी थाने में मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है। राजन सिंह के खिलाफ भीटी थाने में वर्ष 2017, 2021 और 2022 में विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं हर्ष पांडेय के खिलाफ वर्ष 2023 में भीटी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। कमलदीप तिवारी के खिलाफ कैंट थाने का वर्तमान मुकदमा ही दर्ज है।