Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या उधेला झील का सौंदर्यीकरण पूर्ण, अयोध्या के पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

उधेला झील का सौंदर्यीकरण पूर्ण, अयोध्या के पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

0

अयोध्या। उत्तर प्रदेश में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चल रही योजनाओं के तहत मिल्कीपुर-अमानीगंज रोड स्थित उधेला झील के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास की महत्वपूर्ण परियोजना पूर्ण हो गई है। करीब 381.48 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना में आधुनिक सुविधाओं के साथ प्राकृतिक सौंदर्य को भी विशेष रूप से संरक्षित किया गया है।



परियोजना के अंतर्गत झील क्षेत्र में सोलर सबमर्सिबल पंप, बाहरी विद्युत कार्य, आउटडोर साउंड सिस्टम तथा हाई मास्ट लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही पर्यावरण के अनुकूल मिट्टी भराव और बांस से प्राकृतिक मार्ग तैयार किए गए हैं, जो पर्यटकों को आकर्षक और सुकूनदायक अनुभव प्रदान करेंगे।


विकसित हुआ आधुनिक पर्यटन स्थल


उधेला झील के आसपास व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें पथवे और ट्रैक, पैदल यात्रियों के लिए सुविधाजनक मार्ग, झील के बीच मिट्टी का टीला, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, शौचालय ब्लॉक, टिकट काउंटर और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा घाट एवं तटबंध निर्माण, पत्थर की पिचिंग, रेलिंग, सीमा दीवार, वॉच टावर, कैफेटेरिया, छतरी, कांक्रीट जेम, बांस कॉटेज, सैंड स्टोन बेंच और डोल्फिन आकृतियों का भी निर्माण कराया गया है।


स्थानीय रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा


इस परियोजना के पूरा होने से न केवल अयोध्या के पर्यटन मानचित्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।


जल्द पर्यटकों के लिए खुलेगा स्थल


यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा के अनुसार, अवशेष धनराशि प्राप्त होने के बाद कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में स्थल की साफ-सफाई और हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि जल्द ही उधेला झील आम जनता और पर्यटकों के लिए खोल दी जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version