जलालपुर, अम्बेडकर नगर। बीएड सत्र 2022-24 के छात्रों ने मूल मार्कशीट व अन्य शैक्षणिक अभिलेख उपलब्ध न कराए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। प्रभावित छात्रों ने थाना प्रभारी को दिए प्रार्थना-पत्र में महाराणा प्रताप कॉलेज ऑफ एजुकेशन, मुंगरा किरावली, आगरा तथा प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े मध्यस्थों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
छात्रों का आरोप है कि उनका प्रवेश पुनीत दुबे और कृष्णा कुमार नामक मध्यस्थों के माध्यम से कराया गया था। बीएड पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद भी उन्हें मूल मार्कशीट और अन्य शैक्षणिक अभिलेख नहीं दिए जा रहे हैं। आरोप है कि बार-बार मांग करने पर मध्यस्थों के माध्यम से ही मार्कशीट उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है।
शिकायत में कुछ छात्रों से फीस भुगतान के बाद वैध रसीद व संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने का भी आरोप लगाया गया है। छात्रों का कहना है कि दस्तावेज नहीं मिलने से उच्च शिक्षा, नौकरी और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित प्रक्रियाओं में परेशानी हो रही है।
प्रार्थना-पत्र में पुलिस से प्रवेश प्रक्रिया, फीस लेन-देन और महाविद्यालय के संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराने तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संज्ञेय अपराध पाए जाने पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं में विपिन कुमार, विजय कुमार, सुरजीत कुमार, बृजेश कुमार, हरजीत और सर देव आदि शामिल हैं। इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।