Tuesday, September 29, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरपिता की हत्या में एक साल से फरार 25 हजार का इनामी...

पिता की हत्या में एक साल से फरार 25 हजार का इनामी गिरफ्तार


जलालपुर, अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के मुस्कुराई गांव में पिता की हत्या के मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुस्कुराई गांव निवासी ओमकार पुत्र स्व. रामस्वरूप (23) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ जैतपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी नहीं होने पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के मुताबिक पांच सितंबर 2025 को मृतक के पुत्र विपिन ने तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति पर उसके पिता की हत्या करने का आरोप लगाया था। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मृतक के पुत्र ओमकार का नाम सामने आया। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।

पूछताछ में ओमकार ने बताया कि उसके पिता शराब का सेवन करते थे और घर की संपत्ति बेचने की बात करते थे। वह बड़ी बहन को भी संपत्ति में हिस्सा देने की बात कहते थे। बहन को जलालपुर में किराये का कमरा दिलाने और उसके खर्च का वहन करने को लेकर भी घर में विवाद होता था। पुलिस का दावा है कि इन्हीं विवादों के चलते आरोपी ने आपा खोकर कुल्हाड़ी से पिता की हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक कुल्हाड़ी बरामद की है। कार्रवाई थानाध्यक्ष प्रेमचन्द्र के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक अजय सरोज समेत पुलिस टीम ने की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments