Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या ट्रेड शो में छाए अयोध्या के कुल्हड़ वाली दही-जलेबी, पेड़ा और चिकनकारी

ट्रेड शो में छाए अयोध्या के कुल्हड़ वाली दही-जलेबी, पेड़ा और चिकनकारी

0

◆ नोएडा ट्रेड शो में अयोध्या के उद्यमियों को मिले नए कारोबारी संपर्क, विदेशी खरीदारों ने दिखाई रुचि


अयोध्या। अयोध्या के पारंपरिक उत्पादों को ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में नए बाजार और खरीदार मिले। 25 से 29 सितंबर तक आयोजित ट्रेड शो में जिले के उद्यमियों ने कुल्हड़ वाली दही-जलेबी, पेड़ा और चिकनकारी के उत्पादों का प्रदर्शन किया। इस दौरान घरेलू खरीदारों के साथ विदेशी कारोबारियों ने भी उत्पादों में रुचि दिखाई।

जिला उपायुक्त उद्योग प्रभात रंजन शुक्ला के अनुसार, ट्रेड शो में अयोध्या के उद्यमियों को उत्पादों के प्रदर्शन के साथ नए कारोबारी संपर्क बनाने का अवसर मिला। उद्यमियों ने अमेरिका, ब्रिटेन और दुबई के खरीदारों के साथ बातचीत की।

ओडीओसी योजना के तहत मौर्य स्वीट्स भंडार के प्रोप्राइटर दीप नारायण मौर्य ने कुल्हड़ वाली दही-जलेबी का स्टॉल लगाया। उनके अनुसार स्टॉल पर प्रतिदिन करीब 35 से 40 हजार रुपये का कारोबार हुआ। ट्रेड शो के दौरान करीब 15 लोगों ने उत्पाद की फ्रेंचाइजी अथवा कारोबारी सहयोग में रुचि दिखाई।

मौर्य स्वीट्स एंड कैफे की प्रोप्राइटर पम्मी मौर्य ने पेड़े का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि अयोध्या के पेड़े में विभिन्न राज्यों के साथ दूसरे देशों से आए कारोबारियों ने भी रुचि दिखाई। उनके मुताबिक ट्रेड शो से नए बाजारों में पहुंच बनाने की संभावनाएं बनी हैं।

पूनम सिंह इम्ब्रॉयडरी एंड कॉच की प्रोप्राइटर पूनम सिंह ने चिकनकारी के कपड़ों का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि अमेरिका, ब्रिटेन और दुबई के खरीदारों के साथ उनकी बैठक हुई। जयपुर और दिल्ली के मॉल प्रबंधकों से भी कारोबारी संपर्क हुआ। पूनम सिंह के मुताबिक ट्रेड शो से करीब पांच लाख रुपये का मुनाफा हुआ।

अयोध्या की हाईफ्लो इंडस्ट्रीज को भी ट्रेड शो में कारोबार विस्तार के अवसर मिले। कंपनी के प्रतिनिधि राशिद के अनुसार, करीब 20 से 25 डीलरों और स्टार्टअप से संपर्क हुआ तथा 10 से 12 कारोबारी लीड मिली हैं। कंपनी इन संपर्कों को आगे कारोबारी साझेदारी में बदलने की दिशा में काम करेगी।

ट्रेड शो में ODOP, ODOC और MSME क्षेत्र से जुड़े उत्पादों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने के लिए मंच उपलब्ध कराया गया था। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन में स्थानीय उत्पादों और उद्यमों को नए बाजारों तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version