Home Uncategorized गैस की किल्लत की अफवाहों पर प्रशासन का स्पष्टीकरण, घरेलू गैस की...

गैस की किल्लत की अफवाहों पर प्रशासन का स्पष्टीकरण, घरेलू गैस की कोई कमी नहीं: जिलाधिकारी

0
निखिल टीकाराम फुंडे जिलाधिकारी, अयोध्या

अयोध्या। जनपद में घरेलू गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि अयोध्या में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बयान जारी कर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक घबराहट में गैस बुकिंग न करने की अपील की है।



 

जिलाधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में अफवाहों के कारण गैस एजेंसियों पर अचानक भीड़ बढ़ गई और लंबी कतारें लग गईं, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जनपद में प्रतिदिन लगभग साढ़े 12 हजार गैस सिलेंडरों की आवश्यकता होती है और इसके अनुरूप पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे पैनिक-बुकिंग से बचें और घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से गैस बुकिंग करें। साथ ही यह भी कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने हाल ही में सिलेंडर प्राप्त किया है, वे 25 दिन बाद ही पुनः बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से गैस उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं तक होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे एजेंसियों पर भीड़ कम हो और लोगों को घर पर ही सुविधा मिल सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता है और सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version