◆ रात दो बजे सामान समेटकर निकलते सीसीटीवी में कैद, देवकाली में आधी–अधूरी प्रतिमाएं छोड़ गया कारीगर
◆ नवरात्रि से पहले पूजा समितियों के सामने संकट, पुलिस ने शुरू की जांच
अयोध्या। शारदीय नवरात्रि से पहले अयोध्या के देवकाली क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाओं के निर्माण से जुड़ा मामला सामने आने के बाद पूजा समितियों में अफरा-तफरी मच गई। पूजा समितियों का आरोप है कि प्रतिमाओं का निर्माण कर रहा मुख्य मूर्तिकार उत्तम पाल करीब 125 दुर्गा प्रतिमाओं का एडवांस लेकर अपनी कारीगर टीम के साथ रात में मौके से चला गया। सुबह समितियों के पदाधिकारी पहुंचे तो निर्माण स्थल पर अधिकांश प्रतिमाएं अधूरी मिलीं।
बताया जा रहा है कि मूर्तिकार और उसकी टीम रात करीब दो बजे सामान समेटकर वहां से निकल गई। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टीम के सदस्यों के सामान लेकर निकलने की बात कही जा रही है। सुबह मौके पर पहुंचे आयोजकों ने स्थल को सुनसान पाया। इसके बाद बड़ी संख्या में पूजा समितियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता वहां पहुंच गए।



