Sunday, September 27, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या125 प्रतिमाओं का एडवांस लेकर मूर्तिकार टीम समेत फरार

125 प्रतिमाओं का एडवांस लेकर मूर्तिकार टीम समेत फरार


◆ रात दो बजे सामान समेटकर निकलते सीसीटीवी में कैद, देवकाली में आधी–अधूरी प्रतिमाएं छोड़ गया कारीगर


◆ नवरात्रि से पहले पूजा समितियों के सामने संकट, पुलिस ने शुरू की जांच


अयोध्या। शारदीय नवरात्रि से पहले अयोध्या के देवकाली क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाओं के निर्माण से जुड़ा मामला सामने आने के बाद पूजा समितियों में अफरा-तफरी मच गई। पूजा समितियों का आरोप है कि प्रतिमाओं का निर्माण कर रहा मुख्य मूर्तिकार उत्तम पाल करीब 125 दुर्गा प्रतिमाओं का एडवांस लेकर अपनी कारीगर टीम के साथ रात में मौके से चला गया। सुबह समितियों के पदाधिकारी पहुंचे तो निर्माण स्थल पर अधिकांश प्रतिमाएं अधूरी मिलीं।

बताया जा रहा है कि मूर्तिकार और उसकी टीम रात करीब दो बजे सामान समेटकर वहां से निकल गई। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टीम के सदस्यों के सामान लेकर निकलने की बात कही जा रही है। सुबह मौके पर पहुंचे आयोजकों ने स्थल को सुनसान पाया। इसके बाद बड़ी संख्या में पूजा समितियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता वहां पहुंच गए।



पूजा समितियों के अनुसार उत्तम पाल के पास अयोध्या शहर, ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा आसपास के जिलों की करीब 125 प्रतिमाएं बनाने का जिम्मा था। समितियों ने बुकिंग के तौर पर एडवांस राशि जमा की थी। आरोप है कि एडवांस लेने के बाद मूर्तिकार के अचानक चले जाने से आयोजकों के सामने प्रतिमाओं को समय से तैयार कराने का संकट खड़ा हो गया है।

इसके अलावा प्रतिमाओं के ढांचे में इस्तेमाल होने वाले बांस और अन्य कच्चे माल के करीब दो लाख रुपये से अधिक के भुगतान का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि कुल लेनदेन और एडवांस की राशि को लेकर संबंधित समितियों से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ ही मूर्तिकार और उसकी टीम के बारे में जानकारी जुटा रही है। घटना की सूचना पर केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल भी पदाधिकारियों के साथ देवकाली पहुंचे। उन्होंने पूजा समितियों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और पुलिस-प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग की।


अधूरी प्रतिमाओं को पूरा कराने की चुनौती


शारदीय नवरात्रि नजदीक होने के कारण आयोजकों के सामने अब अधूरी प्रतिमाओं को समय से पूरा कराने की चुनौती है। पूजा समितियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर मूर्तिकार और उसकी टीम का पता लगाया जाए। साथ ही वैकल्पिक कारीगरों की व्यवस्था कराकर अधूरी प्रतिमाओं का निर्माण समय से पूरा कराने में सहयोग किया जाए।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments