अम्बेडकर नगर। पी सी एस 2024 के परिणाम में जिले के होनहार अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। विभिन्न प्रशासनिक पदों पर चयनित होकर इन युवाओं ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। जिले की पूजा तिवारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सात वीं रैंक हासिल की और एसडीएम पद पर चयनित हुईं। वहीं श्रष्टि चौधरी ने 26वीं रैंक प्राप्त कर एसडीएम बनकर जिले को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई।
इसके अलावा अन्नू वर्मा का चयन ट्रेजरी अफसर पद पर हुआ है। खास बात यह है कि अन्नू वर्मा वर्तमान में डिप्टी जेलर के पद पर कार्यरत हैं, जिससे उनकी यह उपलब्धि और भी प्रेरणादायक बन जाती है। विमलेश कुमार का चयन डिप्टी एसपी पद पर हुआ है, जबकि अभिषेक पाल और अभिनंदन सिंह ने बीडीओ पद हासिल किया है। वहीं अजय कुमार सिंह, अभिषेक वर्मा और राज सिंह का चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ है। विष्णुकांत मिश्र को वाणिज्य कर अधिकारी, तथा सर्वेश वर्मा और मयंक मौर्य को असिस्टेंट कमिश्नर (सेल्स टैक्स) पद के लिए चुना गया है। इसके साथ ही हाल ही में यू पी एस सी में 316वीं रैंक हासिल करने वाले विपिन देव यादव का चयन वर्क ऑफिसर पद पर हुआ है, जो जिले के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है।वहीं जिले में तैनात इंस्पेक्टर राम नरेश की बेटी प्रियंका रावत ने भी पी सी एस परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार और जिले का मान बढ़ाया है। आकाश सिंह पुत्र विनय कुमार सिंह , का चयन डिप्टी जेलर, पद पर हुआ। इन सभी सफल अभ्यर्थियों की उपलब्धि से जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।