Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या विकास की नई उड़ान: अयोध्या को शुक्रवार को मिलेंगी 245 परियोजनाओं की...

विकास की नई उड़ान: अयोध्या को शुक्रवार को मिलेंगी 245 परियोजनाओं की सौगात

0
ayodhya samachar

◆ मुख्यमंत्री करेंगे 291 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास, रामायण वैक्स म्यूजियम में होगा आयोजन


अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या को विकास की एक और बड़ी सौगात देंगे। नगर निगम की ओर से तैयार की गई 291 करोड़ रुपये लागत की कुल 245 विकास परियोजनाओं का मुख्यमंत्री लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 47 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 198 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्य कार्यक्रम काशीराम कॉलोनी के समीप स्थित रामायण वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन और नगर निगम ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि लोकार्पित होने वाली 47 परियोजनाओं पर लगभग 25.31 करोड़ रुपये की लागत व्यय की गई है। इनमें रामायण वैक्स म्यूजियम, नगर निगम के जोनल कार्यालय का प्रशासनिक भवन, 10 ओपन जिम, मल्टीलेवल कार पार्किंग, इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, स्मार्ट स्कूल परियोजनाएं तथा विभिन्न सार्वजनिक पार्कों का विकास प्रमुख रूप से शामिल है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लगभग 264 करोड़ रुपये की लागत वाली 198 नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इन योजनाओं में माझा जमथरा क्षेत्र में आधुनिक पंपिंग स्टेशन का निर्माण, जलभराव की समस्या से निपटने के लिए कच्चे नालों का निर्माण, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार, 74 बेड के वर्किंग वुमन हॉस्टल का निर्माण, 17.83 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की स्थापना तथा कुशमाहा समेत विभिन्न क्षेत्रों में तालाबों का सौंदर्यीकरण, पार्क, सड़क और यात्री निवास जैसी जनहित की परियोजनाएं शामिल हैं।

महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समारोह को भव्य स्वरूप दिया गया है। कार्यक्रम में अयोध्या महानगर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़ी करीब एक हजार विशिष्ट हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने कार्यक्रम स्थल और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण मार्ग का व्यापक निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। पूरे नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया है, चूने का छिड़काव, फॉगिंग और एंटी-लार्वा स्प्रे कराया गया है। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के साथ ही सड़कों की मरम्मत भी पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि लोकार्पित होने वाली सभी परियोजनाएं पूरी तरह तैयार हैं, जबकि शिलान्यास कार्यक्रम से जुड़ी औपचारिक तैयारियां भी पूर्ण कर ली गई हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version