Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर बुजुर्ग महिला से टप्पेबाजी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के एक पुरुष व...

बुजुर्ग महिला से टप्पेबाजी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के एक पुरुष व एक महिला हिरासत में

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर चौराहे पर बुजुर्ग महिला से टप्पेबाजी कर फरार हो रहे एक पुरुष व एक महिला को पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों को पेशेवर टप्पेबाज बताया जा रहा है, जो अलग-अलग जनपदों में घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।

कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर जमालपुर निवासी गीता पत्नी मुन्नीलाल ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह रविवार सुबह लगभग 11 बजे आटा चक्की से आटा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान जमालपुर चौराहे पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आया और खुद को उनका रिश्तेदार बताते हुए बातचीत में उलझा लिया। इसके बाद उसने पैर में पहनी पायल की तारीफ करते हुए सोनार को दिखाने के बहाने जबरन उतरवा ली। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो जान से मार देगा।

घटना से घबराई महिला घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर डाकखाने के पास से टप्पेबाजी में शामिल युवक और एक महिला को पकड़कर कोतवाली लाया गया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम पंकज सिंह पुत्र लाल बहादुर निवासी रुपईपुर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर बताया, जबकि महिला ने अपना नाम अनीता निवासी मेदनीपुर, थाना पवई, जनपद आजमगढ़ बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से डबल स्टार लगा जैकेट भी बरामद हुई है।

कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version