अयोध्या। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए), गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर जनपद अयोध्या में बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 9 जून को तीन संवेदनशील गांवों में मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमित कुमार भट्ट ने बताया कि तहसील सदर के ग्राम मांझा रामपुर पुवारी, तहसील सोहावल के ग्राम मांझाकला तथा तहसील रुदौली के ग्राम महंगू का पुरवा में 9 जून को प्रातः 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक बाढ़ आपदा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 11 जून को प्रातः 9 बजे संबंधित तहसीलों में फिजिकल मॉक ड्रिल भी आयोजित की जाएगी।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, बाढ़ शरणालयों में स्थानांतरण, मुनादी एवं माइक्रोफोन के माध्यम से चेतावनी प्रसारित करने, राहत एवं बचाव कार्य, घायलों का उपचार, नाव पलटने की स्थिति में बचाव अभियान तथा नदी में डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित निकालने का अभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही बाढ़ राहत स्वास्थ्य केंद्र, चिकित्सा शिविर, पशुओं के उपचार एवं टीकाकरण तथा भूसा वितरण जैसी व्यवस्थाओं का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मॉक ड्रिल में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशमन एवं इमरजेंसी सेवा, विद्युत, लोक निर्माण, राजस्व, होमगार्ड, पंचायती राज, मनरेगा, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र तथा अन्य संबंधित विभाग भाग लेंगे। बाढ़ मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन के लिए उपजिलाधिकारी सदर, सोहावल एवं रुदौली को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अनिवार्य रूप से प्रतिभाग कर समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।