Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त से मिला केंद्रीय समिति का...

गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त से मिला केंद्रीय समिति का प्रतिनिधिमंडल

0

चौक से नाका बाईपास तक क्षतिग्रस्त मार्ग समेत अन्य समस्याओं से कराया अवगत, मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश


अयोध्या। गणेश उत्सव के आयोजन को लेकर शहर की विभिन्न समस्याओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति, जनपद अयोध्या के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त राजेश कुमार से मुलाकात की। समिति ने उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली संभावित परेशानियों से मंडलायुक्त को अवगत कराया।

समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, संयोजक गगन जायसवाल और विशाल गुप्ता वासू ने मंडलायुक्त को बताया कि चौक से नाका बाईपास तक मुख्य मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े कई कार्य भी अभी अधूरे हैं। गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए इन समस्याओं का समय से निस्तारण आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। समिति के प्रवक्ता केशव बिगुलर के अनुसार मंडलायुक्त के निर्देश पर अधिकारियों ने तत्काल चौक से नाका बाईपास तक मार्ग का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट, नगर मजिस्ट्रेट संजीव कुमार उपाध्याय, प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता और जल निगम के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्धारित समय में आवश्यक कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। समिति पदाधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया गया।

इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी अखिलेश पाठक, रोहिताश चंद्र राजू, वासु गुप्ता, स्थानीय समिति के सुशील शुक्ल, पूर्व पार्षद मुरारी सिंह यादव, अंश गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version