◆ एसटीएफ ने भरतकुंड टोल प्लाजा के पास 433.930 किलो गांजा के साथ चालक को दबोचा
अयोध्या। ट्रक में आडू लादकर ओडिशा पहुंचे, वहां माल उतारा और फिर गांजे की खेप लेकर बहराइच के लिए निकल पड़े। तस्करी का यह खेल ट्रक मालिक के इशारे पर चल रहा था। रास्ते में एक पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा कराया गया। करीब तीन घंटे बाद एक व्यक्ति गांजा लेकर पहुंचा और ट्रक में लदवाकर चला गया। लेकिन बहराइच पहुंचने से पहले ही एसटीएफ ने अयोध्या में तस्करी के इस खेल का पर्दाफाश कर दिया। भरतकुंड टोल प्लाजा के पास ट्रक से 433.930 किलोग्राम गांजा बरामद कर चालक मोहम्मद इरशाद को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई गई है।
एसटीएफ की पूछताछ में गिरफ्तार इरशाद ने बताया कि वह पंजाब के जालंधर से ट्रक में आडू लादकर ओडिशा के अंगुल गया था। वहां आडू उतारने के बाद ट्रक मालिक इक़रामुद्दीन ने उसे अंगुल टोल पार कर सोनल जाने वाले रास्ते पर पहले पेट्रोल पंप को छोड़कर दूसरे पेट्रोल पंप के पास वाहन खड़ा करने का निर्देश दिया। रात करीब एक बजे एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा। ट्रक मालिक से बात करने के बाद वह चला गया। करीब तीन घंटे बाद वही व्यक्ति गांजे की खेप लेकर पहुंचा और ट्रक में लदवा दी।
इरशाद को यह खेप बहराइच पहुंचानी थी। वहां पहुंचने के बाद बरामद मोबाइल फोन के जरिए ट्रक मालिक से संपर्क कर आगे की डिलीवरी करनी थी। इस तरह सामान्य मालवाहक ट्रक के जरिए मादक पदार्थों की बड़ी खेप एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने की तैयारी थी।
एसटीएफ को तस्करों की सक्रियता की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम सुल्तानपुर क्षेत्र में सक्रिय थी। ओडिशा से गांजा लदे ट्रक के आने की सूचना पर टीम ने अयोध्या के क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार तिवारी के साथ भरतकुंड टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की। ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें गांजे की बड़ी खेप मिली।
गिरफ्तार इरशाद मेवात, हरियाणा का निवासी है। ट्रक मालिक इक़रामुद्दीन की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। थाना पूराकलंदर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/29/60 में मुकदमा दर्ज कराया गया है।