अयोध्या। दीपावली के तीसरे दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया पर मंगलवार को रामनगरी अयोध्या में यम द्वितीया और भाई दूज का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरयू तट स्थित ऐतिहासिक यमथरा घाट पर पारंपरिक मेले का आयोजन हुआ। सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों लोगों ने सरयू में आस्था की डुबकी लगाकर यमराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की।
पौराणिक मान्यता से जुड़ा है यमथरा घाट
पौराणिक मान्यता के अनुसार, जब भगवान श्रीराम ने पृथ्वी से प्रस्थान करने का निश्चय किया था, तब यमराज उन्हें लेने अयोध्या पहुंचे थे। मान्यता है कि अयोध्या आगमन के दौरान यमराज ने यमथरा घाट पर विश्राम किया था। इसी पौराणिक प्रसंग की स्मृति में प्रत्येक वर्ष कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया को यमथरा घाट पर मेला लगता है। सदियों पुरानी यह परंपरा आज भी श्रद्धा और आस्था के साथ निभाई जा रही है।
यमराज की पूजा कर मांगी दीर्घायु की कामना
धार्मिक मान्यता है कि यम द्वितीया के दिन यमराज की पूजा-अर्चना करने से अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालुओं ने यमराज को दीप, पुष्प, अक्षत और नैवेद्य अर्पित किया। लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और लंबी आयु की कामना की।
भाई दूज पर बहनों ने भाइयों को लगाया तिलक
यम द्वितीया का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भी है। भाई दूज के अवसर पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुखद जीवन की कामना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन बहनों द्वारा की गई पूजा और प्रार्थना भाइयों के जीवन में सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना से जुड़ी है।
लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन
यम द्वितीया के अवसर पर दीपावली में पूजित भगवान लक्ष्मी और गणेश की प्रतिमाओं का सरयू में विसर्जन भी किया गया। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच प्रतिमाओं को लेकर घाट पहुंचे और विधि-विधान से विसर्जन किया। मेले में पूजा सामग्री, प्रसाद, खिलौने और खानपान की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
मेले को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं स्वच्छता के इंतजाम किए गए। घाट पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों की टीम भी निगरानी करती रही।