अयोध्या। अयोध्या धाम के समग्र विकास को विस्तार देने की दिशा में दशरथ पथ महत्वपूर्ण कड़ी बनने जा रहा है। यह मार्ग साकेत पेट्रोल पंप से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) होते हुए राजा दशरथ समाधि स्थल तक जाएगा। मार्ग के निर्माण से सरयू किनारे का एक नया क्षेत्र विकास और पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकेगा।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के अनुसार, दशरथ पथ अयोध्या धाम के भावी विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। राजा दशरथ समाधि स्थल प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इस मार्ग के विकसित होने से श्रद्धालुओं को समाधि स्थल तक पहुंचने के लिए बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा।
दशरथ पथ की एक खासियत यह भी होगी कि इसका बड़ा हिस्सा सरयू नदी के समानांतर गुजरेगा। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन के साथ सरयू तट के प्राकृतिक एवं धार्मिक परिवेश का अनुभव भी मिलेगा।




