Wednesday, September 30, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याउफान पर सरयू: नेपाल से छोड़े गए पानी से बढ़ा जलस्तर, अयोध्या...

उफान पर सरयू: नेपाल से छोड़े गए पानी से बढ़ा जलस्तर, अयोध्या में अलर्ट


अयोध्या। नेपाल में हुई भारी बारिश और वहां से नदियों में पानी छोड़े जाने के कारण अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने तटवर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। नदी और बंधे के बीच रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों और बाढ़ शरणालयों में पहुंचाया जा रहा है।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि नेपाल से छोड़े गए पानी के प्रभाव से सरयू के जलस्तर में बुधवार तक बढ़ोतरी की संभावना है। इसके बाद जलस्तर में कमी आने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


तीन तहसीलें प्रभावित, तटवर्ती क्षेत्रों से निकासी


सरयू के बढ़ते जलस्तर से रुदौली, सोहावल और सदर तहसील के तटवर्ती क्षेत्र प्रभावित होते हैं। प्रशासन ने नदी और बंधे के बीच बसे परिवारों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। लोगों को प्राथमिक बाढ़ शरणालयों में भेजा जा रहा है।


शरणालयों में भोजन और पशु चारे की व्यवस्था


जिलाधिकारी के मुताबिक संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पहले से तैयारियां कर रखी हैं। इससे पहले भी सरयू नदी दो बार खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी है, जिसके मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

बाढ़ शरणालयों में रह रहे लोगों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल और राशन किट की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में मवेशियों के लिए पशु चारे का भी इंतजाम किया गया है।


24 घंटे निगरानी, प्रभावित क्षेत्रों का दौरा


सरयू के जलस्तर और तटवर्ती इलाकों की स्थिति पर प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल किसी क्षेत्र से अव्यवस्था या गंभीर शिकायत की सूचना नहीं है।

प्रशासन के अनुसार, जलस्तर में कमी आने के बाद अगले एक-दो दिनों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। प्रशासन ने तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर बाढ़ शरणालयों में जाने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments