◆ रेलवे स्टेशन और बाजारों में दिखाता था पुलिसिया रौब, फर्जी पहचान पत्र व मोबाइल भी मिले
अयोध्या। .पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस के आरक्षी की पूरी वर्दी पहनकर रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजारों में घूमता था। वह लोगों को पुलिसकर्मी बताकर जांच के नाम पर रुपये वसूलता था। आरोप है कि उसने एक व्यक्ति को पुलिसकर्मी होने का झांसा देकर उसका मोबाइल फोन भी ले लिया था।
मामले की सूचना मिलने के बाद कोतवाली अयोध्या पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की। रविवार को पुलिस ने बड़ी छावनी मोड़, परिक्रमा मार्ग के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी की पूरी वर्दी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा अलग-अलग लोगों से अवैध रूप से वसूले गए 7,500 रुपये भी पुलिस ने बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिस विभाग का कर्मचारी नहीं है और वर्दी पहनकर लोगों पर पुलिसिया रौब दिखाता था। मामले में कोतवाली अयोध्या में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।