Wednesday, August 19, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरपीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ा, पांच लाख तक कैशलेस इलाज की सौगात

पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ा, पांच लाख तक कैशलेस इलाज की सौगात


अंबेडकर नगर। प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों का दैनिक मानदेय 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही जवानों और उनके परिजनों के लिए एक वर्ष में पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित ग्राम परवर पश्चिम में 23 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया गया।

मंगलवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी स्वयंसेवकों के सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विकास भवन सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री ने जवानों की सेवा, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था, आपदा, बाढ़, त्योहारों और राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में पुलिस के सहयोग के लिए बधाई दी।

घोषणा के अनुसार कैशलेस स्वास्थ्य योजना के तहत पीआरडी स्वयंसेवक और उनके परिजन सरकारी अथवा योजना से संबद्ध अस्पतालों में एक वर्ष में पांच लाख रुपये तक का उपचार करा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों की उपयोगिता को देखते हुए उनकी संख्या बढ़ाने के संकेत भी दिए।

कार्यक्रम में विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा समेत करीब 200 पीआरडी जवान मौजूद रहे। विधायक ने जवानों की तत्परता की सराहना की। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने अतिथियों का आभार जताते हुए जवानों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments