Wednesday, July 29, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरभिटौरा चौराहे पर ट्रक की टक्कर से 55 वर्षीय मजदूर की मौत,...

भिटौरा चौराहे पर ट्रक की टक्कर से 55 वर्षीय मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम


जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के भिटौरा चौराहे पर बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक 55 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल मजदूर को पहले निजी अस्पताल और फिर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के मरहरा टड़वा उजियारी गांव निवासी सेवाराम (55) पुत्र रामदुलार बुधवार सुबह करीब 8 बजे साइकिल से मजदूरी करने जा रहे थे। जैसे ही वह भिटौरा चौराहे पर पहुंचे, तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

हादसे के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल सेवाराम को बसखारी स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। सभी बच्चों का विवाह हो चुका है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments