Tuesday, July 21, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याफर्जी मुकदमे में फंसाने व धन उगाही का आरोप, एसएसपी ने सीओ...

फर्जी मुकदमे में फंसाने व धन उगाही का आरोप, एसएसपी ने सीओ मिल्कीपुर को सौंपी जांच


अयोध्या । इनायतनगर थाना क्षेत्र की हरिंग्टनगंज पुलिस चौकी के प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर फर्जी मुकदमे में फंसाने, धन उगाही और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक युवक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर से शिकायत की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) मिल्कीपुर को सौंप दी है।

उरुवा वैश्य, थाना इनायतनगर निवासी अनुराग सिंह ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 10 जुलाई को गांव के एक व्यक्ति के साथ हुई मारपीट की घटना में उसका और उसके भाई का नाम जोड़ते हुए स्थानीय पुलिस चौकी की मिलीभगत से एनसीआर दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के समय वह रेवतीगंज बाजार में था, जबकि उसका भाई गांव में दूसरे स्थान पर मौजूद था।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, उसी रात पुलिस उसके घर पहुंची और उसे चौकी ले गई, जहां चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से गंभीर धाराओं में फंसाने की धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने परिचितों से व्यवस्था कर 60 हजार रुपये दिए, जिसके बाद अगले दिन उसका और उसके भाई का धारा 126, 135 और 170 बीएनएसएस के तहत एकपक्षीय चालान कर दिया गया।

शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कथित रूप से फर्जी मुकदमा दर्ज करने और उत्पीड़न के आरोपों की जांच कराने के साथ संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर को सौंपते हुए तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments