जलालपुर, अंबेडकर नगर। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न थानों में बहू-बेटी सम्मेलन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों और युवतियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
सरकार के निर्देशानुसार जलालपुर कोतवाली, मालीपुर थाना तथा जैतपुर थाना सहित अन्य स्थानों पर सम्मेलन आयोजित किए गए। जलालपुर कोतवाली की ओर से नगर के वाजिदपुर बहेरवातर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह की उपस्थिति में कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव तथा महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया।
इसी क्रम में मालीपुर थाना क्षेत्र के धमरूवा, खालिसपुर भटौली ग्राम सभाओं में थाना अध्यक्ष शशांक कुमार शुक्ला एवं महिला उपनिरीक्षक वर्षा यादव के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं, किशोरियों, बहू-बेटियों और छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा हेल्प लाइन नंबरों, साइबर अपराध, पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव तथा आत्महत्या की रोकथाम जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच पुलिस एवं हेल्पलाइन सेवाओं का सहारा लें।
सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को यह भी बताया गया कि समाज में अराजक तत्वों या असामाजिक गतिविधियों का सामना होने पर स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए क्या सावधानियां अपनानी चाहिए। साथ ही किशोरियों एवं युवतियों को घर से बिना बताए कहीं जाने के संभावित दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत बहू बेटी सम्मेलन कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मविश्वासी, जागरूक और सशक्त बनाना है। इसके लिए सरकार लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। सम्मेलन के अंत में महिलाओं एवं युवतियों से समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।