Tuesday, June 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरमोबाइल पर परेशान करने, धमकी देने और रात में घर में घुसकर...

मोबाइल पर परेशान करने, धमकी देने और रात में घर में घुसकर छानबीन का आरोप, एसपी से लगाई गुहार


जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने मोबाइल पर जबरन बातचीत करने, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने तथा कुछ लोगों द्वारा स्वयं को एसओजी अधिकारी बताकर रात में घर में घुसकर छानबीन करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कठोर कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, गाजीपुर जनपद के मरदह थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी सुधीर पासी का उसके भाई के माध्यम से घर पर आना-जाना था। इसी दौरान वह उसके भाई के मोबाइल फोन से कभी-कभी उससे बातचीत करता था। बाद में उसे जानकारी मिली कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं तथा वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। इसके बाद उसने उससे फोन पर बात करने और घर आने से मना कर दिया।

आरोप है कि इसके बाद उक्त व्यक्ति नाराज हो गया और विभिन्न मोबाइल नंबरों से फोन कर गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता का कहना है कि वह लगातार उसे और उसके परिवार को प्रताड़ित कर रहा है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 21 जून 2026 को मालीपुर पुलिस कुछ लोगों के साथ उसके घर पहुंची और छानबीन की। वहीं 22 जून की रात लगभग 11 बजे कुछ लोग स्वयं को अखंडनगर थाना की एसओजी टीम का सदस्य बताते हुए घर में घुस गए और जांच-पड़ताल करने लगे। पीड़िता के अनुसार, उनमें से एक व्यक्ति ने अपना नाम अमित सिंह बताया। पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी दर्ज कराया है और उसकी पहचान की जांच कराने की मांग की है।

पीड़िता ने बताया कि उसके घर में अधिकांश समय केवल महिलाएं रहती हैं, जबकि परिवार के पुरुष सदस्य रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। आरोप है कि विपक्षी उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने तथा घर में अवैध असलहा रखवाकर कार्रवाई कराने की धमकी भी देता है। इन घटनाओं से पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments