Sunday, August 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरखाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में दूध व पनीर के नमूने लिए

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में दूध व पनीर के नमूने लिए

जलालपुर अंबेडकरनगर। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को विभागीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर दूध और पनीर के नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओम प्रकाश के नेतृत्व में टीम ने मालीपुर थाना क्षेत्र के गुवावा जमालपुर स्थित स्वदेश मिल्क प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड पर पहुंचकर दूध का नमूना लिया। इस दौरान प्रतिष्ठान के संचालक सांवले सिंह यादव मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत नमूने को सीलबंद कर आवश्यक अभिलेखीय कार्रवाई पूरी की।
इसके बाद टीम जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के परुइया आश्रम स्थित मिनी मिल्क भंडार पहुंची। यहां संचालक मुकेश कुमार पांडेय तथा मालिक विवेक कुमार शुक्ला की उपस्थिति में पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। नमूनों की सीलिंग और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें जांच के लिए आगरा स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई के उद्देश्य से अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments