अम्बेडकर नगर। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के तहत किसान इंटर कॉलेज, पकरी भोजपुर को सीलिंग फैन उपलब्ध कराए। आयोजित कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में बैंक की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक मिहिर कुमार झा ने बताया कि बैंक केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराकर युवाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा जनपद के वित्तीय विकास के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रभावी निर्वहन कर रहा है। उन्होंने विद्यालय को सीलिंग फैन उपलब्ध कराने को शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान बताया।
कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक कमलेश भास्कर, क्षेत्रीय व्यवसाय विकास प्रबंधक अभय कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।