जलालपुर अम्बेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक राजगीर की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, जिसके निधन से परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्राम निजामपुर जैनापुर निवासी नरेंद्र (45) पुत्र अग्रदि राजगीरी का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार देर शाम वह मजदूरी का कार्य समाप्त कर साइकिल से घर लौट रहे थे। परूईया आश्रम के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस हेल्पलाइन 112 और एंबुलेंस सेवा 108 को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
नरेंद्र अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार की पूरी आजीविका उनकी मजदूरी पर निर्भर थी। उनका पुत्र करीब 22 वर्ष का है, जिसकी एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी। बड़ी पुत्री लगभग 20 वर्ष और छोटी पुत्री करीब 16 वर्ष की है। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।