Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर सड़क हादसे में महिला की मौत, दो बेटों के सिर से उठा...

सड़क हादसे में महिला की मौत, दो बेटों के सिर से उठा मां का साया

0
6
ayodhya samachar

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। पति के साथ बाइक से बहन के घर जा रही एक महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर-अकबरपुर मार्ग स्थित नवानगर मोड़ के पास सोमवार को हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के गोपालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भेदौरा गांव निवासी ओमप्रकाश अपनी पत्नी संगीता को बाइक पर बैठाकर जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के सेठाकला गांव स्थित अपनी साली के घर जा रहे थे।

बताया जाता है कि जैसे ही वे नवानगर मोड़ के पास पहुंचे, तभी अकबरपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी संगीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद दूसरा वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल जलालपुर स्थित एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने संगीता को मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतका अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गई हैं, जिनकी उम्र लगभग 20 वर्ष और 18 वर्ष बताई जा रही है।

इस संबंध में जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामले की जानकारी अभी तक औपचारिक रूप से नहीं मिली है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here