अम्बेडकरनगर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टांडा कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गैर जमानती वारंट के आधार पर पांच वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी टांडा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपितों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए वारंटियों में शाहरुख निवासी छोटी बाजार शेखपुरा, अजय मिश्रा निवासी नारायणपुर, रंजीत पासवान निवासी सगरा ब्राहिमपुर, रवि निवासी सूरापुर तथा ऋषिमुनि निवासी परसावा कला शामिल हैं। सभी के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों पर विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, चोरी समेत अन्य मामले शामिल हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवबक्श सिंह, उपनिरीक्षक राम प्रकाश सिंह, शिवम मिश्र, अजीत कुमार चौधरी, अशोक कुमार तिवारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।