अम्बेडकर नगर। विकास खंड कटेहरी स्थित देव इंद्रावती महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन बुधवार को उत्साहपूर्वक हुआ। शिविर के सातवें दिन स्वयंसेवकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाते हुए सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में चारों इकाइयों के स्वयंसेवक अपने-अपने चयनित गांव—नीनामपुर, डिहवा, कटेहरी व अंकारीपुर—में लक्ष्य गीत गाते हुए पहुंचे और ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
द्वितीय सत्र में आयोजित बौद्धिक कार्यक्रम में जिला अस्पताल से आई स्वास्थ्य टीम ने टीबी के प्रति जागरूक किया। मुख्य अतिथि जिला पीपीएम डॉ. राजीव माथुर ने बताया कि लगातार तीन सप्ताह तक खांसी, बुखार या वजन कम होना टीबी के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में तत्काल जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि टीबी का इलाज सरकारी अस्पतालों में निशुल्क उपलब्ध है और मरीजों को उपचार के दौरान प्रतिमाह 500 रुपये की सहायता भी दी जाती है। उन्होंने पूरा कोर्स करने और संतुलित आहार लेने पर जोर दिया।
शिविर का समापन महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. राणा रणधीर सिंह, निदेशिका डॉ. रंजना सिंह व प्राचार्य डॉ. एबी सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।
अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण व बैज अलंकरण कर किया गया, वहीं सृष्टि तिवारी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि को रामचरितमानस भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बीरबल शर्मा, डॉ. अमित पांडेय, डॉ. सुधीर पांडेय, श्रीमती शिल्पी सहित महाविद्यालय के कई प्राध्यापक व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. तेज भान मिश्र ने किया, जबकि आभार प्राचार्य डॉ. एबी सिंह ने व्यक्त किया।