अम्बेडकर नगर। शिक्षा क्षेत्र कटेहरी के तिवारीपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्रा आराध्या के राज्य स्तरीय मीना प्रोग्राम में चयनित होने पर जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने सम्मानित किया। इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ ही पूरे जनपद में खुशी की लहर है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित सम्मान समारोह में छात्रा को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अधिकारियों ने कहा कि मीना प्रोग्राम बालिका शिक्षा, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सशक्त मंच है, जिसमें आराध्या का चयन उसकी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों व अभिभावकों ने छात्रा को बधाई देते हुए अन्य छात्राओं को भी उससे प्रेरणा लेने का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि आराध्या की सफलता से क्षेत्र के बच्चों में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी।
कार्यक्रम में मीना मंच की सुगमकर्ता शिक्षिका रितु सिंह को भी उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों के समर्पण से ही छात्र-छात्राएं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है।