Saturday, August 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरमेडिकल कॉलेज को मिले 53 नर्सिंग अधिकारी, सुविधाएं होंगी बेहतर

मेडिकल कॉलेज को मिले 53 नर्सिंग अधिकारी, सुविधाएं होंगी बेहतर

अंबेडकरनगर। मेडिकल कॉलेज को 53 नए नर्सिंग अधिकारियों की सौगात मिली है, जिससे मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नवनियुक्त नर्सिंग स्टाफ को ऑनलाइन नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार से किया गया।
मुख्यमंत्री के संबोधन के उपरांत मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद हरिओम पाण्डे, विशिष्ट अतिथि विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामसुंदर वर्मा ने नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र पाकर सभी अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि हरिओम पाण्डे ने नर्सिंग हॉस्टल की कमी का मुद्दा उठने पर आश्वासन दिया कि मांग पत्र उपलब्ध कराए जाने पर इस समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। वहीं विधायक धर्मराज निषाद ने नवनियुक्त स्टाफ को सेवा भाव से कार्य करने की सीख दी।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि नए नर्सिंग स्टाफ के जुड़ने से मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 255 पदों के सापेक्ष केवल 79 नर्सें कार्यरत थीं। अब 53 नई नियुक्तियों के बाद यह संख्या बढ़कर 132 हो जाएगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी।
कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य डॉ. उमेश वर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित पटेल, चीफ प्रॉक्टर डॉ. प्रमोद यादव, नर्सिंग प्रधानाचार्य डॉ. भास्कर सहित अन्य संकाय सदस्य, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित पटेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. उमेश वर्मा ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments