जैतपुर अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र जैतपुर के अंतर्गत नेवादा कलां निवासी 18 वर्षीय युवक अरुण कुमार की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जाता है कि अरुण कुमार पुत्र इन्दल शुक्रवार की शाम करीब चार बजे अपनी मौसी के घर बड़ागांव जौनपुर से बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। रास्ते में थाना पवई क्षेत्र के कछरा गांव के पास सामने से आ रही फालूदा बेचने वाली जुगाड़ गाड़ी से उसकी जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पवई थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे शाहगंज के हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पवई थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जुगाड़ गाड़ी और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अरुण अपने एक भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। हाल ही में उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। बेटे की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।