जलालपुर, अंबेडकर नगर। थाना क्षेत्र के ग्राम जैनापुर, परूईआ आश्रम में एक मासूम बच्ची पर कुत्ते के हमले के बाद विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निवासी विश्वनाथ (पुत्र मोतीलाल), जो अनुसूचित जाति के हैं, ने बताया कि उनकी लगभग 7 वर्षीय पुत्री अंशु 18 मार्च की शाम करीब 6 बजे घर से करीब 200 मीटर दूर दुकान पर सामान लेने गई थी। आरोप है कि उसी दौरान गांव के ही राजकुमार विश्वकर्मा के घर के पास मौजूद उनके पालतू कुत्ते को जानबूझकर बच्ची पर छोड़ दिया गया, जिससे कुत्ते ने अंशु के कान के पास काट लिया।घायल बच्ची रोते हुए घर पहुंची।
घटना की शिकायत लेकर जब पीड़ित अपने साथियों पंकज और सुरजू के साथ आरोपियों के घर पहुंचे, तो आरोप है कि विपक्षी पक्ष गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया।इस दौरान बीच-बचाव कर रहे पंकज के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया गया, जिससे उनका सिर फट गया और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।