जलालपुर अम्बेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के नगपुर गांव में गुरुवार रात खाना बनाते समय रसोई गैस की पाइप निकल जाने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का जलालपुर के एक निजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार नगपुर गांव के मुस्तफाबाद मोहल्ले में 58 वर्षीय रौशन की पुत्री सबीका 22वर्ष घर की रसोई में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक सिलेंडर की गैस पाइप निकल गई, जिससे गैस पूरे किचन में फैल गई और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
रसोई से उठती आग की लपटें देख सबीका के पिता रौशन और भाई जहीन हैदर 24 आग बुझाने के लिए दौड़े। आग पर काबू पाने के प्रयास में तीनों ही गंभीर रूप से झुलस गए। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आनन-फानन में घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल तीनों घायलों का उपचार जारी है।