◆ ई-रिक्शा के लिए तय होगा रूट निर्धारण
◆ ट्रैफिक कंट्रोल, ई-रिक्शा, गोल्फकार्ट संचालन और होम-स्टे योजना को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न
◆ नगर निगम को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के दिया निर्देश
अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय सभागार में ट्रैफिक कंट्रोल, ई-रिक्शा एवं गोल्फकार्ट के सुव्यवस्थित संचालन तथा होम-स्टे योजना को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईजी प्रवीण कुमार सिंह, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी गौरव ग्रोवर, प्राधिकरण उपाध्यक्ष अनुराज जैन, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित नगर निगम, यातायात पुलिस, पर्यटन विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में नगर क्षेत्र में सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ई-रिक्शा और गोल्फकार्ट का संचालन निर्धारित मार्गों, स्टैंड और समय-सारणी के अनुसार कराने के निर्देश दिए गए। अनियंत्रित और अवैध संचालन पर प्रभावी नियंत्रण व कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश नगर निगम और यातायात पुलिस को दिए गए। तय किया गया कि दुकानदारों से वार्ता कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी सामग्री दुकानों के बाहर न रखी जाए। उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ई-रिक्शा के लिए रूट निर्धारित करने तथा टेढ़ी बाजार से लता मंगेशकर चौक तक अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा को अनुमति न देने का निर्णय लिया गया।
होम-स्टे योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि यह योजना पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार और अतिरिक्त आय का अवसर प्रदान करती है। पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने तथा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। होम-स्टे संचालकों को रजिस्टर अद्यतन रखने, सीसीटीवी कैमरे निर्धारित मानकों के अनुसार लगाने और विदेशी पर्यटकों के पहचान पत्र का विवरण सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को सीसीटीवी की नियमित जांच करने को कहा गया।
बैठक में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और नगर की सुव्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।