अयोध्या। केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर अयोध्या के भाजपा नेताओं ने इसे उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास का बजट बताया है। नेताओं ने बजट में प्रदेश को मिलने वाली ₹4 लाख करोड़ से अधिक की अनुमानित केंद्रीय सहायता, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, AI सिटी, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी घोषणाओं का स्वागत किया है।

पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि केंद्रीय बजट में उत्तर प्रदेश को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा, “बजट में करों की हिस्सेदारी, केंद्र प्रायोजित योजनाओं और परियोजना आधारित सहायता को मिलाकर उत्तर प्रदेश को अधिक का लाभ मिलने का अनुमान है। हाई–स्पीड रेल कॉरिडोर से काशी और पूर्वांचल को देश की आर्थिक धारा से और मजबूती से जोड़ा जाएगा, जिससे व्यापार और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।”

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बजट को जनकल्याणकारी बताते हुए कहा, “AI सिटी और आधुनिक ट्रॉमा सेंटर जैसी घोषणाएं यह दर्शाती हैं कि केंद्र सरकार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। AI सिटी से युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जबकि स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश से आम नागरिक को सीधा लाभ पहुंचेगा।”

जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी घोषणाओं की सराहना की।
उन्होंने कहा, “हर जिले में ट्रॉमा सेंटर और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचेंगी। केंद्र से मिलने वाली बढ़ी हुई सहायता से पंचायत स्तर पर भी विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी।”

पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि AI सिटी, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिक ट्रॉमा सेंटर जैसी घोषणाएं यह स्पष्ट करती हैं कि केंद्र सरकार स्मार्ट और सुरक्षित शहरों के निर्माण की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है।



