Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरविराट हिंदू सम्मेलन में एकता का आह्वान, 100 असहायों को बांटे कंबल

विराट हिंदू सम्मेलन में एकता का आह्वान, 100 असहायों को बांटे कंबल


जलालपुर अंबेडकर नगर। देश की अखंडता और एकता को बनाए रखने तथा भारत की स्वतंत्रता को शाश्वत बनाने के लिए संगठित हिंदुत्व आवश्यक है। हिंदू समाज की सभ्यता और संस्कृति की रक्षा संगठित हिंदू ही कर सकता है। जातिवाद और वर्गभेद समाज को तोड़ने का काम करते हैं, जिनका सहारा लेकर बाहरी ताकतें हिंदुओं को आपस में बांटने का प्रयास करती हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है।

यह बातें पंडित महावीर प्रसाद आईटीआई कॉलेज, सुरेंद्रनगर हजपुरा में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के अवध प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप सिंह ने कहीं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य हिंदुओं में स्व-जागरण, स्वधर्म, स्वभाषा, स्वरोजगार और स्वदेशी की भावना जागृत कर समाज को संगठित करना है। उन्होंने कहा कि अन्य धर्म अपेक्षाकृत हाल में आए, जबकि सनातन धर्म प्राचीन काल से मानवता का मार्गदर्शन करता आया है। अनेक आक्रमणों के बावजूद सनातन धर्म अपनी मूल भावना के साथ आज भी मजबूती से खड़ा है। हिंदू धर्म में सर्वे सुखिनः सर्वे संतु की कामना निहित है और सबका साथ, सबका विकास ही हिंदुत्व का लक्ष्य है।

विशिष्ट अतिथि एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष हृदय मणि मिश्रा ने हिंदू समाज से आह्वान किया कि वे अपने पूर्वजों के त्याग-बलिदान और देश की संस्कृति-संस्कारों को स्मरण करते हुए जातिवाद व ऊंच-नीच की भावना त्यागकर एकजुट हों। उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि परिवार, समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए आपसी समन्वय और सौहार्द को मजबूत किया जाए।

कार्यक्रम के अंत में विश्व हिंदू परिषद की ओर से 100 असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। चिल्ड्रन एकेडमी, सुरेंद्रनगर हजपुरा के बच्चों ने सरस्वती वंदना और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप पांडे, संरक्षक ओम प्रकाश सिंह, भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राम प्रकाश यादव, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रहलाद वर्मा, रमेश मिश्रा, वयोवृद्ध संत बाबा राघव दास, कारसेवक व पूर्व प्रधान रामशरण राजभर, रमेश प्रजापति, पुजारी लाल साहू सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं विश्व हिंदू परिषद के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments